![]()
कानपुर में दिवाली से पहले शहर की मुख्य सड़कों के साथ अब गलियों की खराब सड़कें भी दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। अभी तक मुख्य सड़कों पर पैचवर्क और निर्माण कार्यों पर जोर दिया जा रहा था, लेकिन इस बार मोहल्लों और गलियों की खराब सड़कों को भी ठीक कराने की योजना है। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि शहर की करीब 300 सड़कों पर पैचवर्क और निर्माण का काम चल रहा है। इन कार्यों की जांच भी कराई जा रही है, ताकि सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। उन्होंने बताया कि शहर के अंदर गलियों में करीब 3 हजार छोटी सड़कें हैं। इनकी स्थिति की जांच के लिए भी टीमें लगाई गई हैं। इसका उद्देश्य उन सड़कों को चिह्नित करना है, जहां गड्ढे हैं या मरम्मत की जरूरत है। दिवाली से पहले इन सड़कों को भी चलने लायक बनाने पर जोर दिया जाएगा। इससे मुख्य मार्गों के साथ मोहल्लों के अंदर आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। 550 टेंडरों में 400 फाइनल, वर्क ऑर्डर जारी मंडलायुक्त ने बताया कि नगर निगम के माध्यम से फिलहाल 550 टेंडर जारी किए गए हैं। इनमें से 400 टेंडर फाइनल हो चुके हैं और संबंधित कार्यों के वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं। सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने की तैयारी है। इसमें नगर निगम के अलावा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नेशनल हाईवे से संबंधित सड़कें भी शामिल हैं। इन अलग-अलग विभागों की सभी सड़कों को मोटरेबल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। त्योहार के दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में खराब सड़कों और गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी को कम करने के लिए मरम्मत कार्यों को समय से पूरा कराने पर जोर है। गलियों की सड़कों की भी होगी जांच दरअसल, शहर की छोटी गलियों में कई जगह सड़कें खराब होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य सड़कों की मरम्मत के बावजूद अंदरूनी इलाकों में गड्ढे और टूटी सड़कें लोगों की आवाजाही प्रभावित करती हैं। करीब 3 हजार छोटी सड़कों की जांच इसी व्यवस्था का हिस्सा है। जांच के आधार पर मरम्मत की जरूरत वाले स्थानों पर काम कराने की योजना है। मंडलायुक्त ने दिवाली से पहले सभी विभागों की सड़कों को चलने लायक बनाने का लक्ष्य बताया है। हर वार्ड में चलेगा डीप क्लीनिंग अभियान सड़कों की मरम्मत के साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर भी फोकस किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने बताया कि वार्डवार डीप क्लीनिंग अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके लिए शेड्यूल तैयार किया जा रहा है, ताकि सभी वार्डों में तय योजना के अनुसार सफाई कराई जा सके। त्योहार से पहले उन स्थानों पर जमा पुराने कूड़े का भी निस्तारण कराया जाएगा, जहां कई सालों से कूड़ा जमा होता चला आ रहा है। इसके लिए विशेष टीम बनाई गई हैं, जिसमें करीब 1,000 सफाईकर्मी शामिल हैं। ये सफाईकर्मी अलग-अलग वार्डों में जाकर सफाई अभियान चलाएंगे। रात में भी कराई जा रही सफाई मंडलायुक्त ने बताया कि फिलहाल रात में सफाई अभियान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसकी शुरुआत धीरे-धीरे एक-एक वार्ड के जरिए सफाई कराई जा रही है। अब इसे व्यवस्थित तरीके से वार्डवार डीप क्लीनिंग अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य त्योहार से पहले सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था बेहतर करना है। सड़क मरम्मत और सफाई अभियान को साथ चलाकर शहर को दिवाली से पहले बेहतर स्थिति में लाने का लक्ष्य रखा गया है।
Source link
कानपुर में दिवाली से पहले सड़क-सफाई का मेगा प्लान तैयार:गलियों की 3 हजार सड़कों की जांच शुरू,हर वार्ड में चलेगा डीप क्लीनिंग अभियान