अनपरा में जेई संगठन अध्यक्ष पर बैट से हमला:क्लब में महिला के साथ युवक को देखकर आपत्ति जताई थी, सिर में लगे चार टांके


सोनभद्र के अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित जेई क्लब में रविवार दोपहर विवाद के दौरान एक युवक ने जेई संगठन के अध्यक्ष सतीश सिंह (33) पर बैट से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में चार टांके लगाए। घटना की जानकारी मिलने पर परियोजना के अन्य अभियंता अस्पताल पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। अनपरा कॉलोनी निवासी सतीश सिंह अनपरा तापीय परियोजना में अवर अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार को वह कर्मचारियों के साथ जेई क्लब में सफाई और पोताई का काम करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को क्लब में एक महिला के साथ देखा और इस पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस बात को लेकर युवक गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने वहां रखे बैट से पीछे से सतीश सिंह के सिर पर वार कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी वहां से भागकर अस्पताल पहुंच गया। घायल जेई को परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार किया। घटना की जानकारी मिलने पर परियोजना के अन्य अवर अभियंता भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद अभियंताओं ने सीजीएम इंजीनियर अजय कटियार से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। सीजीएम ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जांच के बाद होगी कार्रवाई अनपरा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे ने बताया कि जापानी कॉलोनी निवासी संदीप तिवारी के खिलाफ नामजद तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *