![]()
कानपुर के चकेरी के लालबंगला इलाके में पुरानी रंजिश में एक युवक को अगवा कर बंधक बनाने और बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने कट्टे की बट से हमला किया और मरा समझकर उसे सड़क किनारे नाली में फेंककर भाग गए। मसवानपुर निवासी गौरव शुक्ला ने रविवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दो थानों के चार हिस्ट्रीशीटरों समेत आधा दर्जन युवकों पर आरोप लगाए। गौरव के मुताबिक, वह दोस्त से मिलने हरजिंदर नगर आया था, तभी आरोपियों ने उसे असलहा दिखाकर धमकाया और सफीपुर ले जाकर बंधक बना लिया। घायल को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने वीडियो के जरिए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले में कार्रवाई की जाएगी। असलहा लगाकर धमकाया, सफीपुर ले जाकर बनाया बंधक गौरव शुक्ला ने वायरल वीडियो में बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने चकेरी के हरजिंदर नगर आया था। आरोप है कि शाम करीब 7 बजे चार हिस्ट्रीशीटर और उनके साथियों ने पीछे से उसकी कमर पर असलहा लगा दिया। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी और उसे सफीपुर ले गए। गौरव का आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने उसकी कमर पर असलहा लगाकर वीडियो भी बनाया और जेल भिजवाने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, एक युवक के कहने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया। मरा समझकर नाली में फेंककर भागे पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे मरा हुआ समझ बैठे। इसके बाद उसे सड़क किनारे नाली में फेंककर भाग गए। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। पहले कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। गौरव ने आरोप लगाया कि आरोपियों को सत्ता पक्ष के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। इसी वजह से वे क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देते हैं और दहशत के कारण लोग शिकायत करने से बचते हैं। घटना के पीछे जुए में हार-जीत को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे लगे होने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में फुटेज जांच में अहम हो सकती है। पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई कार्यवाहक थाना प्रभारी भानु प्रकाश ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। पीड़ित के वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, युवक के लगाए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Source link
युवक को अगवा कर पीटा, मरा समझकर नाली में फेंका:कानपुर में 4 हिस्ट्रीशीटर समेत 6 युवकों पर आरोप; सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर मांगा न्याय