डीआईजी-एसपी ने नवरात्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा परखी:मिशन शक्ति का शुभारंभ, दुर्गा पंडालों और बाजारों में सुरक्षा जांची


बांदा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए रविवार को देर रात 9 बजे बांदा में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान का शुभारंभ किया गया। डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और एसपी पलाश बंसल के नेतृत्व में शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, नवरात्र के पहले दिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन और दुर्गा पंडालों का निरीक्षण किया। जागरूकता रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव की जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही करियर काउंसलिंग और आत्मनिर्भर बनने से संबंधित जानकारी भी दी गई। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की। दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था परखी नवरात्र के पहले दिन डीआईजी और एसपी ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया। आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल करने और शासन की गाइडलाइन का पालन करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *