मुरादाबाद में CEC के खिलाफ सपा का प्रदर्शन:वोट बचाओ, देश बचाओ के नारे लगाए; पुतला जलाने की कोशिश पर पुलिस से नोंकझोंक


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के अंतर्गत रविवार को मुरादाबाद में सपा कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम सड़कों पर उतरा। जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय, सिविल लाइंस से “वोट बचाओ देश बचाओ” के नारों के साथ सपाइयों ने जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल सपाइयों के हाथों में “वोट चोरी बंद करो”, “संविधान बचाओ देश बचाओ”, “CEC होश में आओ” और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” जैसी तख्तियां लगी थीं। जोरदार नारेबाजी करते हुए अंबेडकर पार्क की ओर बढ़े। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। इस दौरान सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने की कोशिश की, जिसे लेकर पुलिस और सपाइयों के बीच नोंकझोंक हुई। मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की पैदल मार्च के दौरान अंबेडकर पार्क से पहले सेंट पॉल्स स्कूल के पास कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने की कोशिश की। इसे लेकर पुलिस और सपाइयों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ और राष्ट्रगान अंबेडकर पार्क पहुंचने के बाद सभी समाजवादी नेता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष एकत्र हुए। वहां सार्वजनिक रूप से संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया गया, जो देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को मताधिकार (वोट देने के अधिकार) की संवैधानिक गारंटी देता है। इसके उपरांत, लोकतंत्र और देश की संप्रभुता के सम्मान में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में राष्ट्रगान किया। यह वोट की नहीं, वजूद की लड़ाई है: जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, “आज सड़कों पर उमड़ा यह सैलाब साफ बता रहा है कि मुरादाबाद की जनता अपने वोटों की चोरी बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार निष्पक्ष काम करने के बजाय भाजपा के इशारे पर विपक्ष के वोट काटने की साजिश रच रहे हैं। हमने पुलिस की लाठियों की परवाह न करते हुए संविधान बचाने के लिए पुतला फूंका है। यह लड़ाई सिर्फ वोट की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और हमारे वजूद की लड़ाई है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सजग रहकर एक-एक वोट की रक्षा करने का आह्वान किया। सपा के तमाम दिग्गज नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में संपन्न हुए इस बड़े प्रदर्शन में बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा व जिला उपाध्यक्ष हाजी उस्मान, विधायक नवाब जान खां, हाजी नसीर कुरैशी, जिला महासचिव फुरकान अली और महानगर अध्यक्ष इकबाल अंसारी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके साथ ही पूर्व विधायक हाजी रिजवान, पूर्व विधायक यूसुफ अंसारी, अतहर हुसैन अंसारी, मुजाहिद अली, महमूद सैफी, वेदप्रकाश सैनी, सरताज अंसारी, विजयवीर यादव, मोईनउद्दीन, नबी जान, इस्तियाक सैफी, नौशाद पाशा, लाखन सिंह सैनी, आसकार अली पाशा, अजय सैनी, दिव्यांशु सागर, जयकुमार प्रजापति, हिमांशु सैनी आदि मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *