अम्बेडकरनगर में छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग:जूडो-कराटे के साथ हेल्पलाइन नंबर की दी जानकारी


अम्बेडकरनगर में राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और मुश्किल हालात का सामना करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित ट्रेनर छात्राओं को जूडो, ताइक्वांडो और कराटे जैसे मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने शुक्रवार को बताया कि इस ट्रेनिंग से छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और तेजी से फैसला लेने की क्षमता बढ़ रही है। उन्हें अपने आसपास के माहौल के प्रति जागरूक रहने और अचानक आई मुश्किल में अपनी सुरक्षा करने के लिए तैयार किया जा रहा है। ट्रेनिंग के दौरान छात्राओं को सरकारी योजनाओं के साथ कई हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर अपराध सहायता हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके अलावा, महिला थाना और स्थानीय थानों के संपर्क नंबर भी बताए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं तुरंत मदद ले सकें। आत्मरक्षा की ट्रेनिंग में छात्राओं को रोजमर्रा की चीजों का इस्तेमाल करके अपना बचाव करना भी सिखाया जा रहा है। इसमें पेन, पेंसिल, हेयर पिन, कंघी, नेल कटर, कड़ा, अंगूठी, बेल्ट, दुपट्टा, पर्स, बैग, पानी की बोतल, मोबाइल फोन और ज्योमेट्री बॉक्स जैसी चीजें शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्यक्रम का मकसद सिर्फ आत्मरक्षा की तकनीकें सिखाना नहीं है। इसका उद्देश्य छात्राओं में सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और आत्मविश्वास के साथ हर हालात का सामना करने की भावना पैदा करना भी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *