अमेठी में हाइवे से हटेगा अतिक्रमण, कार्रवाई के आदेश:सड़क सुरक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश


अमेठी में सड़क हादसों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डीएम संजय चौहान की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा और विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में नेशनल हाईवे से अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।डीएम ने विशेष रूप से जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण बढ़ने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और एनएचएआई अधिकारियों को एसडीएम तथा सीओ के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा। जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, सड़क मरम्मत और यातायात नियमों की समीक्षा भी की गई। डीएम ने प्राथमिकता के आधार पर प्रमुख मार्गों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और सड़क मरम्मत के कार्य पूरे करने तथा उनका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी स्कूल वाहनों और बसों की नियमित जांच, फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन करने को कहा गया। साथ ही, 15 साल से अधिक पुराने वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। बैठक में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त चालान अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर क्रेन, गैस कटर, एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इसलिए चालान के साथ-साथ जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाना चाहिए। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, एआरटीओ सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *