![]()
रायबरेली के डलमऊ तहसील क्षेत्र में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ अर्धनग्न प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डलमऊ से देवन्ना गांव तक बनी सड़क के निर्माण में भ्रष्टाचार और खराब गुणवत्ता का आरोप लगाया है। प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में लोक निर्माण विभाग की अनुमति से एक कार्यदाई संस्था ने इस संपर्क मार्ग का निर्माण कराया था, जिसकी लागत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सामग्री के प्रयोग में लगातार अनियमितता और लापरवाही बरती गई। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी से लेकर उच्च स्तरीय अधिकारियों तक लगातार शिकायतें की थीं, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। इसका खामियाजा अब बारिश के दौरान आम जनता और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण 8 किलोमीटर लंबा यह संपर्क मार्ग कई जगहों से टूट गया है। सड़क पर इस्तेमाल की गई गिट्टी और डामर भी जगह-जगह उखड़कर बाहर आ गए हैं। इससे सड़क पर दो दर्जन से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें पानी भर गया है। इन गड्ढों में पानी भरने से दोपहिया वाहन और साइकिल सवार लोग अक्सर चोटिल हो रहे हैं। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि वीडियो का संज्ञान लेकर शासन और उच्च स्तरीय अधिकारी कार्यदाई संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें और सड़क का पुनः निर्माण कराया जाए।
Source link
रायबरेली में 22 लाख की सड़क बारिश में उखड़ी:ग्रामीणों ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन, PWD के खिलाफ खोला मोर्चा