![]()
ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 154 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपियों के पास से 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो कार भी बरामद हुई है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पीपल वाला गोल चक्कर नट मेड्या के पास से इन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है, जो पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। केशव एक लॉजिस्टिक कंपनी में कंटेनर चालक के रूप में काम करता था। कंपनी के डी-28, साइट-4 स्थित प्रतिष्ठान से मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों पर डिलीवरी के लिए भेजे जाते थे। केशव अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर को रास्ते में सुनसान जगह पर रोकता था। वे कंटेनर की सील खोलकर अंदर रखे मोबाइल फोन के कार्टन निकाल लेते थे। आरोपी कार्टन को शातिर तरीके से काटकर उसमें से मोबाइल निकालते थे और फिर कार्टन को इस तरह दोबारा रख देते थे कि पहली नजर में कंटेनर में कोई कमी नजर न आए। चोरी किए गए मोबाइल फोन को आरोपी अपने अन्य साथियों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर ले जाते थे। इसके बाद बाजार में मांग के अनुसार इन्हें कम कीमत पर बेचकर अवैध रूप से धन कमाते थे। कंपनी में मोबाइल फोन की ऑडिट प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल कम पाए गए थे। कंपनी के मैनेजर ने 24 जुलाई 2026 को बीटा-2 थाने में 165 मोबाइल फोन चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव, मनोज, विनीत (सभी अलीगढ़ निवासी), रवि कुमार (मथुरा निवासी), हसीबुर रहमान और मोहम्मद शोएब (दोनों बिजनौर निवासी) के रूप में हुई है।
Source link
50 लाख के चोरी के मोबाइल के साथ 6 गिरफ्तार:154 फोन, 2.5 लाख कैश और स्कॉर्पियो भी बरामद