![]()
उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। मिनी आईपीएल के रूप में मशहूर ‘यूपी टी-20 लीग’ के चौथे सीजन का बिगुल बज चुका है। आगामी 14 अगस्त से शुरू होने जा रहे इस धमाकेदार टूर्नामेंट के लिए तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इस बार मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात के साथ-साथ प्रदेश के कोने-कोने से आए युवा खिलाड़ियों को अपनी किस्मत चमकाने का बड़ा मौका मिलेगा। पूर्व दिग्गज क्रिकेटर्स की जोड़ी पर टैलेंट परखने का जिम्मा लीग में शामिल होने वाले युवा और होनहार खिलाड़ियों के टैलेंट को परखने की बड़ी जिम्मेदारी गवर्निंग काउंसिल ने देश और प्रदेश के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर्स के कंधों पर डाली है। इस चौथे सीजन में यूपी के नए टैलेंट को तराशने और उन पर पैनी नजर रखने के लिए पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीन कुमार, गोपाल शर्मा, शशिकांत खांडेकर, राहुल सप्रू और रिजवान शमशाद को मैदान में उतारा गया है। इन दिग्गजों की पारखी नजरें यूपी क्रिकेट के भविष्य को चुनेंगी। लीग को सफल बनाने के लिए काम करेंगी 9 मजबूत कमेटियां टूर्नामेंट को बिना किसी बाधा के शानदार तरीके से निपटाने के लिए यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कुल 9 विशेष कमेटियों का गठन किया है। इन कमेटियों में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न जिला क्रिकेट इकाइयों के जमीनी प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि हर स्तर पर काम मुस्तैदी से हो सके। हर जिले के प्रतिनिधियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी आयोजन समिति में पूरे प्रदेश को साधने की कोशिश की गई है। इस कमेटी में आगरा के सुनील जॉशन, मैनपुरी के बीडी शुक्ला, फर्रुखाबाद के मोहनलाल अग्रवाल, अलीगढ़ के फैजल शेरवानी, सोनभद्र के अजीज खान, सहारनपुर के आनंद पाठक, गाजीपुर के शाश्वत सिंह, सुलतानपुर के असद अहमद और कानपुर के संजय तिवारी को कमान दी गई है। वहीं मेहमानों और टीमों की अगुवानी के लिए स्वागत कमेटी में गाजीपुर के संजीव सिंह, आगरा के राजेश सहगल, बाराबंकी के सीए जावेद, जौनपुर के सिद्धार्थ सिंह, सहारनपुर के लतिफुर रहमान और सौरभ त्रिपाठी को जिम्मेदारी मिली है। मैदान पर खिलाड़ियों की सेहत और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कमेटी में रायबरेली के डॉ. मनीष चौहान और प्रयागराज के डॉ. मुस्तफा हसन को रखा गया है। इसके अलावा टूर्नामेंट को पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने के लिए हॉस्पिटैलिटी कमेटी, ग्राउंड पिच कमेटी, मीडिया कमेटी, एंटी करप्शन कमेटी और सीनियर एडवाइजरी कमेटी का भी गठन किया गया है, जो 14 अगस्त से पूरी तरह एक्टिव मोड में आ जाएंगी।
Source link
मिनी आईपीएल का रोमांच 14 अगस्त से:यूपी टी-20 लीग के लिए बनीं 9 स्पेशल कमेटियां; प्रवीन कुमार और गोपाल शर्मा तराशेंगे नया टैलेंट