![]()
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की नई आईजी मीनू चौधरी बुधवार को महराजगंज जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र सोनौली पहुंचीं। उन्होंने 22वीं वाहिनी एसएसबी की सोनौली बीओपी का निरीक्षण किया और सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य चेक प्वाइंटों पर सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। साथ ही जवानों को जरूरी निर्देश भी दिए। आईजी के दौरे के समय भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर बैठक हुई। इसमें एसएसबी, पुलिस, खुफिया एजेंसियों और दूसरे विभागों के अधिकारी शामिल थे। नेपाल के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। चर्चा अवैध घुसपैठ रोकने, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने और सीमा क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई को लेकर हुई। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच तालमेल मजबूत करने पर बात की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। आईजी ने निर्देश दिया कि सीमा पर तैनात सभी एजेंसियां मिलकर काम करें। इससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और अवैध आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने पर भी जोर दिया। जिम्मेदार लोगों को जरूरी निर्देश भी दिए मीनू चौधरी ने सोनौली में बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का भी निरीक्षण किया। यह करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों को जरूरी निर्देश भी दिए। दौरे के दौरान आईजी मीनू चौधरी ने बताया कि भारत-नेपाल की करीब 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा संवेदनशील और महत्वपूर्ण है। सीमा की सुरक्षा में एसएसबी की भूमिका बहुत अहम है। उन्होंने कहा कि सीमा को सुरक्षित रखने, अपराधों पर लगाम लगाने और अवैध घुसपैठ रोकने के लिए एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से सीमा पर निगरानी और कार्रवाई को असरदार बनाया जाएगा।
Source link
एसएसबी आईजी ने भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा का लिया जायजा:महराजगंज के सोनौली में अधिकारियों संग की बैठक, दिए जरूरी निर्देश