प्लाट पर कब्जा करने पर यूट्यूबर समेत 10 पर FIR:हनुमंत विहार में आरोपी बोले- 7 लाख दो, वरना प्लॉट भूल जाओ


हनुमंत विहार में प्लाट पर कब्जा कर सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में यूट्यूबर समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वृद्धा ने आरोपियों पर विरोध करने पर मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई के लिए डीसीपी साउथ से गुहार लगाई थी। डीसीपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्लॉट पर निर्माण कराने के दौरान पहुंचे आरोपी अर्रा गांव निवासी वृद्धा ने पुलिस को बताया कि एटा निवासी उनके दामाद का खाड़ेपुर में करीब 60 वर्ग गज का प्लाट है। उसकी देखरेख की जिम्मेदारी उनके पास है। आरोप है कि 29 जून को क्षेत्र निवासी आयुष साहू, उसके पिता रविंद्र साहू, सरिता साहू, दीपक साहू, उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा ठाकुर, यूट्यूबर गौरव कुशवाहा समेत तीन-चार अन्य लोग प्लाट पर पहुंचे। आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण शुरू करा दिया। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं और प्लाट दामाद के नाम होने की बात कहते हुए निर्माण रुकवा दिया। आरोप है कि इस पर आरोपियों ने गाली–गलौज करते हुए सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बोले, वरना प्लाट भूल जाओ। वृद्धा के फाड़े कपड़े, डंडों से किया हमला उनके विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके कपड़े भी फाड़ दिए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। हनुमंत विहार थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर रंगदारी मांगने, लज्जा भंग करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *