मेरठ के औघड़नाथ में शिवरात्रि पर अभेद सुरक्षा कवच:ATS ने संभाली कमान, 1000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात, सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी


श्रावण मास की शिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर में होने वाले जलाभिषेक को लेकर इस बार सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रहेगी। लाखों शिवभक्तों की भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए मंदिर की सुरक्षा की कमान एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) ने संभाल ली है। जलाभिषेक में अभी पांच दिन का समय शेष है, लेकिन एटीएस ने मंदिर परिसर में डेरा डालते हुए चप्पे-चप्पे की निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है, जिसमें 1000 पुलिसकर्मियों के अलावा आरएएफ, आरआरएफ और पीआरडी के जवान भी तैनात रहेंगे। श्रावण मास की शिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। त्रयोदशी से ही जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो जाता है और मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले दूर-दराज के कांवड़िये भी अपने गंतव्य जाने से पहले औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा तैनात
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंदिर परिसर और आसपास के इलाके को तीन सुरक्षा घेरों में विभाजित किया गया है। पहले घेरे में एटीएस और विशेष सुरक्षा टीमें निगरानी करेंगी, दूसरे घेरे में पुलिस और आरएएफ के जवान तैनात रहेंगे, जबकि तीसरे घेरे में यातायात और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस, पीआरडी और अन्य सुरक्षा बलों के पास होगी। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। गर्भगृह के ऊपर बनेगा हाईटेक कंट्रोल रूम
मंदिर के गर्भगृह के ठीक ऊपर प्रथम तल पर अत्याधुनिक कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। यहां लगी बड़ी स्क्रीन पर मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्गों समेत पूरे क्षेत्र की लाइव निगरानी होगी। कंट्रोल रूम से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर रखेंगे और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अस्थायी पुलिस चौकी और स्वास्थ्य शिविर भी तैयार
मंदिर परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है, जहां से सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जाएगी। मंदिर के बाहर स्थित स्थायी पुलिस चौकी पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र और स्वास्थ्य शिविर भी बनाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। तीन प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
शिवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तीन प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। नैंसी चौराहा, बालाजी मंदिर चौराहा और गोल्डन रेम पार्क से मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अलग व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रखा जा सके। AI कैमरों से होगी हर गतिविधि पर नजर
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में एआई आधारित कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी होगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कहीं से भी रियल टाइम फुटेज देखकर आवश्यक निर्देश जारी कर सकेंगे। पहले से ज्यादा मजबूत होगी सुरक्षा
जलाभिषेक से पहले ही औघड़नाथ मंदिर पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। एटीएस की तैनाती, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, हाईटेक कंट्रोल रूम और एआई निगरानी के साथ इस बार शिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत और तकनीकी रूप से सुसज्जित रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *