गोरखपुर में बाढ़ से बचाव का अभियान शुरू:आपदा से बचाव के बताए जा रहे जरूरी उपाय, गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन


गोरखपुर में बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को जागरूक करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। DM के निर्देश पर शनिवार से अपर DM (वित्त- राजस्व) और प्रभारी अधिकारी (आपदा) के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील गांवों में प्रचार वाहन भेजे गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को बाढ़, वज्रपात, सर्पदंश और नाव दुर्घटना जैसी आपदाओं के समय खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के आसान तरीके बताए जा रहे हैं। प्रचार वाहनों पर लगे लाउडस्पीकर से लोगों को लगातार यह बताया जा रहा है कि आपदा आने पर क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए। इसके साथ ही गांवों में आपदा मित्र घर-घर जाकर हैंडबिल बांट रहे हैं, ताकि लोग जरूरी जानकारी पढ़ सकें और जरूरत पड़ने पर उसका पालन कर सकें। पूरे अभियान की निगरानी संबंधित क्षेत्रों के लेखपाल कर रहे हैं। हर गांव की आपदा योजना की हो रही तैयारी अभियान के दौरान सिर्फ लोगों को जागरूक ही नहीं किया जा रहा, बल्कि हर गांव की ग्राम आपदा प्रबंधन योजना को भी अपडेट किया जा रहा है। गांव में उपलब्ध नाव, ट्रैक्टर, ऊंचे सुरक्षित स्थान, राहत शिविर और अन्य जरूरी संसाधनों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही गांव से बाहर निकलने के वैकल्पिक रास्तों का नक्शा भी तैयार किया जा रहा है, ताकि बाढ़ या किसी दूसरी आपदा के समय लोगों को सुरक्षित स्थान तक जल्दी पहुंचाया जा सके। आपदा के समय कम हो नुकसान, यही है उद्देश्य प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मकसद लोगों को पहले से तैयार करना है, ताकि किसी भी आपदा के दौरान घबराहट न फैले और लोग सही तरीके से अपनी सुरक्षा कर सकें। समय पर सही जानकारी मिलने से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रचार वाहनों से दी जा रही जानकारी को गंभीरता से सुनें और आपदा से जुड़े सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *