कोलकाता में शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन ने मंच पर मशहूर बंगाली कवि जॉय गोस्वामी को बुलाया। इस घटना के कारण तसलीमा का भाषण कुछ देर के लिए बाधित हो गया। यह कार्यक्रम तसलीमा की करीब दो दशक बाद कोलकाता वापसी पर आयोजित किया गया था। मंच पर बुलाते ही शुरू हुआ विरोध जैसे ही तसलीमा ने अपना भाषण शुरू करने के लिए मंच संभाला, उन्होंने दर्शकों के बीच बैठे जॉय गोस्वामी को मंच पर आने का आग्रह किया। जैसे ही साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता कवि अपनी सीट से उठकर मंच की ओर बढ़े, दर्शकों के एक वर्ग ने जोर-जोर से विरोध और नारेबाजी शुरू कर दी। इस विरोध के चलते जॉय गोस्वामी को वापस अपनी सीट पर बैठना पड़ा। हंगामे के कारण तसलीमा कुछ देर तक चुपचाप माइक के पास खड़ी रहीं। आयोजकों ने दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन शोर काफी देर तक जारी रहा। अंत में तसलीमा ने खुद दर्शकों से कहा, “क्या मैं बोलूं? तो कृपया शांत हो जाएं और अपनी सीटों पर बैठ जाएं।” उनकी इस अपील के बाद स्थिति सामान्य हुई और उन्होंने अपना भाषण जारी रखा। गोस्वामी की चुप्पी और ममता से नजदीकी बनी वजह यह विरोध जॉय गोस्वामी की उस कथित चुप्पी को लेकर था, जो तसलीमा के निर्वासन के वर्षों के दौरान रही। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनकी नजदीकी भी दर्शकों के गुस्से का कारण बनी। हालांकि, जॉय गोस्वामी पहले ही सार्वजनिक रूप से तसलीमा के लंबे निर्वासन पर खेद जता चुके हैं। उन्होंने 2007 में तसलीमा के कोलकाता छोड़ने के दौरान पर्याप्त समर्थन न कर पाने के लिए खुद को दोषी भी माना था। 19 साल बाद कोलकाता लौटीं तसलीमा यह कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा राज्य सचिवालय परिसर में तसलीमा को नागरिक सम्मान दिए जाने के कुछ घंटे बाद आयोजित हुआ था। यह 19 साल बाद तसलीमा की कोलकाता में पहली यात्रा है। तसलीमा ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी वापसी यह साबित करती है कि अन्याय लंबा हो सकता है, लेकिन स्थायी नहीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन किसी भी लेखक को अभिव्यक्ति की आजादी के लिए निर्वासन में नहीं जाना पड़ेगा। तसलीमा नवंबर 2007 में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद कोलकाता से चली गई थीं।
Source link
कोलकाता में तसलीमा नसरीन के कार्यक्रम में हंगामा:मंच पर कवि जॉय गोस्वामी को बुलाने पर भड़के लोग, भाषण कुछ देर के लिए रुका