महराजगंज के सोहगीबरवा वन में नर तेंदुए का शव मिला:गन्ने के खेत के पास महिलाओं ने देखा, वन विभाग ने शुरू की जांच


महराजगंज के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम सभा मिश्रौलिया में एक नर तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह गांव की महिलाएं सिवान की ओर जा रही थीं, तभी राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड मार्ग पर तेंदुए का शव पड़ा दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात गांव के आसपास लगातार तेंदुओं की दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। ग्रामीणों का अनुमान है कि दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में नर तेंदुए की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी निचलौल रेंज क्षेत्र में कई तेंदुओं की मौत के मामले सामने आए थे, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *