![]()
लखीमपुर खीरी के सिसैया खुर्द गांव में सोमवार देर रात पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस पर कई घरों में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस घटना में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों समेत 16 लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन पहले गांव की खराब सड़क और पानी भरने की समस्या से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान भग्गू खां और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी मामले में सोमवार रात पुलिस गांव पहुंची और कुछ घरों में घुसकर लोगों से मारपीट की।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्रवाई करते समय गांव की बिजली बंद करा दी गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घरों में सो रहे लोगों को भी पीटा। घटना में मुन्नू देवी, शकुंतला, राधारानी, कृष्णा देवी, राजेंद्र, राम मित्र और तीर्थराम समेत 16 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से धौरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। धौरहरा सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पर लगाए गए पिटाई के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लखीमपुर में पुलिस कार्रवाई के आरोप, 16 लोग घायल:ग्रामीण बोले- सड़क प्रदर्शन के बाद पुलिस ने घरों में घुसकर पीटा, बिजली भी बंद कराई