![]()
संतकबीरनगर के बेलहर कला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी को भी आरोपी ने घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। जंगल दशहर निवासी राजू कन्नौजिया (35) रामनरायन का बेटा था। वह मुंबई में मजदूरी करता था और मंगलवार सुबह ही घर लौटा था। गांव के ही एक पड़ोसी से उसका पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार रात करीब 9 बजे दोनों आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने लगा तो पड़ोसी ने चाकू निकालकर राजू पर कई बार हमला कर दिया। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर राजू की पत्नी मंजू वहां पहुंची तो आरोपी ने उसे धक्का देकर घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल राजू को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। घटना की खबर मिलते ही बेलहर कला पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एडिशनल एसपी सुशील कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। एहतियात के तौर पर बेलहर कला थाने के अलावा दो और थानों की फोर्स गांव में तैनात की गई है। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
संतकबीरनगर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या:बचाने आई पत्नी को भी किया घायल, सुबह मुंबई से घर लौटा था; पुलिस फोर्स तैनात