![]()
लखनऊ के पेपर मिल कॉलोनी, निशातगंज स्थित अक्षय वर मल्ल पार्क में गणेशोत्सव चल रहा है। इसके दूसरे दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। शाम को परिसर में कलाकारों ने भक्ति संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। गणपति बप्पा के भजनों और धार्मिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। बच्चों और युवाओं ने भी उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़े गीत, नृत्य और प्रस्तुतियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भगवान गणेश की महिमा और भारतीय संस्कारों को दिखाया। कई प्रस्तुतियों में पारंपरिक वेशभूषा और संगीत का इस्तेमाल किया गया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग और गहरा हो गया। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। भक्ति गीतों के दौरान श्रद्धालु भी कलाकारों के साथ गणपति बप्पा के जयकारे लगाते दिखे। परिवारों के साथ पहुंचे बच्चों ने भी इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का खूब आनंद लिया। आयोजकों में से एक प्रतीक सिन्हा ने बताया कि गणेशोत्सव को सिर्फ धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। इसे भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसी मकसद से अलग-अलग दिनों में भजन, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
Source link
लखनऊ के महाराजा गणेशोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:अक्षय वर मल्ल पार्क में भक्ति संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं