मिर्जापुर में 48 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा:मंत्री जयवीर सिंह ने लाइट एंड साउंड शो सहित विंध्यधाम विकास पर जोर


उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को मिर्जापुर मंडल में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में करीब 48 करोड़ रुपये लागत की 18 पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि मिर्जापुर, विंध्याचल, चुनार और सोनभद्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास उनकी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने एक करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं को नवंबर 2026 तक तथा डेढ़ करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं को छह माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मिर्जापुर की 15 परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। इनमें चुनार के प्राचीन भगवान शंकर मंदिर, शिव मंदिर, शिवपुर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे। बैठक का मुख्य आकर्षण मां विंध्यवासिनी त्रिकोण मार्ग के विकास की लगभग 25 करोड़ रुपये लागत वाली महत्वाकांक्षी योजना रही। इसके तहत नव दुर्गा पार्क, लाइट एंड साउंड शो, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर तथा श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव रखा गया। योजना का उद्देश्य विंध्यधाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

धर्मार्थ कार्य विभाग ने मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और मां कालिखोह मंदिर को जोड़ने वाली 43.38 करोड़ रुपये की परिक्रमा पथ परियोजना की प्रगति भी प्रस्तुत की। इसके अलावा भदोही और सोनभद्र की पर्यटन परियोजनाओं तथा संस्कृति विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़, मिर्जापुर सदर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *