मऊ में तेज बारिश से बदला मौसम, VIDEO:सड़कों पर भरा पानी, धान की फसल के लिए फायदेमंद


मऊ जिले में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। बुधवार को घोसी और मधुबन तहसील क्षेत्र समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। करीब 10 मिनट की तेज बारिश से कई जगहों पर सड़कें पानी से भर गईं। बुधवार सुबह से ही जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ था। कहीं धूप तो कहीं छांव का दौर चलता रहा। सुबह करीब 10:30 बजे घोसी और मधुबन तहसील क्षेत्र के कई इलाकों में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई। हालांकि, जिला मुख्यालय पर धूप खिली रही, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए थे। बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। मौसम में बदलाव के चलते जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के असर से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि 16 सितंबर तक पिछले साल जिले में करीब 305 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस साल अब तक करीब 360 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस बार ज्यादा बारिश हुई है। कृषि अधिकारी ने यह भी बताया कि अभी हुई बारिश किसानों के लिए बहुत फायदेमंद है। खासकर धान की फसल के लिए यह बारिश संजीवनी का काम करेगी। पर्याप्त बारिश से धान की फसल को पानी मिलने के साथ पैदावार भी अच्छी होने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *