संभल में बी-पैक्स सचिव कृष्णपाल सिंह निलंबित:जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम के निर्देश पर कार्रवाई


संभल में बी-पैक्स खिरकवारी और हिम्मतपुर के कैडर सचिव कृष्णपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गुरुवार को कार्रवाई जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर की गई है। जिला प्रशासनिक समिति के सदस्य सचिव ज्ञान प्रकाश सिंह ने गुरुवार को निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन का आधार विभागीय जांच समिति द्वारा 9 जुलाई को प्रस्तुत अनंतिम एवं अंतरिम जांच रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि कृष्णपाल सिंह ने समिति पर नियमानुसार कार्य नहीं किया और अपने दायित्वों का विधिवत निर्वहन नहीं किया। निलंबन अवधि के दौरान कृष्णपाल सिंह का संबंध बी-पैक्स हिम्मतपुर से रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उनके खिलाफ आरोप पत्र तैयार करने के लिए अपर जिला सहकारी अधिकारी, तहसील गुन्नौर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे बी-पैक्स हिम्मतपुर एवं खिरकवारी, विकास खंड जुनावई में कृष्णपाल सिंह के कार्यकाल की विस्तृत जांच करें। उन्हें एक पखवाड़े के भीतर साक्ष्यों सहित आरोप पत्र तैयार कर कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। यह आदेश जिला प्रशासनिक समिति, संभल की आगामी बैठक में अनुमोदन की प्रत्याशा में जारी किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *