JCB लेकर पहुंची नगर निगम टीम को ग्रामीणों ने रोका:गाजियाबाद के कनावनी में डंपिंग यार्ड का विरोध, जमकर नारेबाजी


गाजियाबाद के कनावनी गांव में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड को लेकर गुरुवार देर शाम विरोध तेज हो गया। नगर निगम की टीम जैसे ही जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ काम शुरू करने पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने जेसीबी का रास्ता रोक दिया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काम शुरू नहीं होने दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल घनी आबादी के बीच है। यहां डंपिंग यार्ड बनने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैलेगी, वायु प्रदूषण बढ़ेगा और संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा होगा। उनका कहना है कि हजारों परिवारों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘पहले भी दे चुके हैं ज्ञापन’ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे पहले ही गाजियाबाद के जिलाधिकारी और महापौर सुनीता दयाल को ज्ञापन देकर इस प्रस्ताव का विरोध दर्ज करा चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम निर्माण की तैयारी में जुटा है, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने डंपिंग यार्ड का प्रस्ताव वापस नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सड़क जाम, धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के फैसले का इंतजार विरोध के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। स्थानीय लोग अब प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पर्यावरण और क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा और डंपिंग यार्ड के निर्माण का हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *