लेखपाल ने जिला पंचायत सदस्य को कहा 'दलाल':हरदोई में समाधान दिवस का वीडियो आया सामने


हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक लेखपाल द्वारा जिला पंचायत सदस्य को ‘दलाल’ कहे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। यह घटना पिहानी कोतवाली क्षेत्र के खटेली कुल्हावर गांव से संबंधित है। गांव निवासी लियाकुद्दीन का खालिद खां के साथ एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। लियाकुद्दीन का दावा है कि विवादित जमीन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का स्थगन आदेश (स्टे) है। इसके बावजूद विरोधी पक्ष द्वारा निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत लेकर लियाकुद्दीन शनिवार को समाधान दिवस में पहुंचे थे। उनकी मदद के लिए टोडरपुर प्रथम से जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह भी उनके साथ थे। आरोप है कि जब उन्होंने अधिकारियों के सामने जमीन पर अवैध निर्माण रुकवाने और कार्रवाई की गुहार लगाई, तो वहां मौजूद लेखपाल ने जिला पंचायत सदस्य को सबके सामने ‘दलाल’ कह दिया। सबके सामने किया गया अपमानित जिला पंचायत सदस्य और पीड़ित लियाकुद्दीन का कहना है कि लेखपाल ने न सिर्फ उन्हें ‘दलाल’ कहा, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान समाधान दिवस में नायब तहसीलदार संतोष कुशवाहा और इंस्पेक्टर एसएन सिंह भी मौजूद थे। नायब तहसीलदार संतोष कुशवाहा ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को सोमवार को तहसील में उपजिलाधिकारी (SDM) के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लेखपाल की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने जनप्रतिनिधियों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *