चौकी के सामने ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, VIDEO:सड़क पर लेटे युवक को रौंदते हुए निकला वाहन, घटना CCTV में कैद


देवरिया में लार पुलिस चौकी के सामने सड़क पर लेटे युवक को ट्रक ने कुचल दिया। पहिए के नीचे आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चढ़ाने की घटना चौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब सामने आया है। मृतक की पहचान लार के वैष्करणी वार्ड निवासी रमेश सोनकर के रूप में हुई है, जो अपने रिश्तेदार के यहां आया था। रमेश सड़क पर लेटा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर ट्रक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फुटेज में घटना से कुछ मिनट पहले एक पुलिसकर्मी को सड़क पर पड़े युवक के पास वाहन से पहुंचते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद वह पुलिसकर्मी बिना रुके वहां से चला जाता है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मी के जाने के लगभग दो मिनट बाद ट्रक ने युवक को कुचल दिया। हालांकि, वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *