- Hindi News
- National
- Assam Minister Daughter Anti PM Slogan Controversy | Himanta Biswa Sarma
नई दिल्ली/भवुनेश्वर/गुवाहाटी4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भले ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का छात्र आंदोलन थम गया हो, लेकिन इससे जुड़ी चर्चाएं अब भी जारी हैं। आंदोलन के दौरान कई छात्रों और युवाओं ने खुलकर सरकार का विरोध किया था। अब इस आंदोलन की गूंज भाजपा नेताओं के परिवारों तक पहुंचती गई है।
पिछले कुछ दिनों में दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें BJP नेताओं की बेटियों के नाम इस आंदोलन से जुड़े। पहला मामला ओडिशा का है जहां BJP सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता राहर के इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल हुए। दावे के मुताबिक, अर्चिता ने लिखा- मैं अपना पोस्ट डिलीट नहीं करूंगी।
वहीं दूसरी ओर असम के मंत्री केशब महंत की बेटी दिबीसा महंत खुद नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल नजर हुईं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ नारे भी लगाए। इस मामले पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा कि दिबीसा के प्रदर्शन के लिए उनके पिता केशब महंत को ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए।
पढ़िए दोनों मामले…
1. BJP सांसद की बेटी के कथित पोस्ट वायरल
अब ओडिशा की BJP सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता सचिन राहर के नाम से जुड़े कथित इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल हो गए हैं, जिनमें छात्रों के समर्थन का दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट्स के मुताबिक, अर्चिता ने कथित तौर पर लिखा, “मेरा परिवार डीपी (धर्मेंद्र प्रधान) के साथ है, लेकिन मैं छात्रों के साथ हूं।” इसके बाद एक अन्य कथित पोस्ट में उन्होंने कहा कि उन पर पोस्ट हटाने का दबाव बनाया गया, लेकिन “मैं इसे डिलीट नहीं करूंगी।” इसके बाद ये स्क्रीनशॉट X, इंस्टाग्राम और रेडिट समेत कई प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गए।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्चिता की सराहना की और इसे राजनीतिक परिवार से आने के बावजूद स्वतंत्र राय रखने का उदाहरण बताया। वहीं कुछ लोगों ने इन पोस्ट की सत्यता पर सवाल भी उठाए।
हालांकि, इन वायरल स्क्रीनशॉट्स की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोस्ट की प्रामाणिकता सत्यापित नहीं की जा सकी। इसी बीच अर्चिता का इंस्टाग्राम अकाउंट भी उपलब्ध नहीं दिख रहा है। यह स्पष्ट नहीं है कि अकाउंट उन्होंने खुद डिएक्टिवेट किया, हटाया गया या किसी अन्य कारण से फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
फिलहाल न तो अर्चिता राहर और न ही सांसद अपराजिता सारंगी की ओर से इन वायरल पोस्ट्स पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में इन दावों को अभी अपुष्ट (Unverified) ही माना जा रहा है।
2. असम मंत्री की बेटी प्रदर्शन में पहुंची
दूसरी ओर, असम के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशब महंत की बेटी दिबीसा महंत NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल हुईं। गुवाहाटी में हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की गई।
सोशल मीडिया पर दिबीसा के कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाती और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती नजर आ रही हैं। हालांकि, PTI इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सका है।
इस मामले पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि दिबीसा के प्रदर्शन के लिए उनके पिता केशब महंत को ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब बच्चे बड़े हो जाते हैं, तो उनके विचार और फैसलों को माता-पिता से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।”
हालांकि, सरमा ने यह भी कहा कि वह दिबीसा के लगाए गए नारों से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा, “अगली बार जब उनसे मुलाकात होगी तो इस बारे में बात करूंगा और समझाने की कोशिश करूंगा कि उन्होंने जो कहा, वह सही नहीं था।”
इस पूरे मामले पर मंत्री केशब महंत की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
