अखिलेश की हिरासत के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:हापुड़ में केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर किया सड़क जाम, कार्यकर्ता हिरासत में


हापुड़ में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। देर रात तक नगर कोतवाली में कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली भेज दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इससे पहले पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष बबलू प्रधान को भी हिरासत में ले लिया था। नगर कोतवाली पहुंचने के बाद भी सपा कार्यकर्ताओं ने धरना जारी रखा और सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और यदि सरकार का रवैया नहीं बदला तो बुधवार को जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन स्थल पर सीओ अनीता चौहान और एसएचओ मनीष चौहान के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान संजय गहलौत, एडवोकेट बिलाल, राजेश यादव, पीयूष बाबा सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *