ललितपुर में कुएं में डूबने से जीजा-साले की मौत:खेत में दवा छिड़कने गए थे दोनों, फोन और चप्पलें बाहर मिली


ललितपुर में मंगलवार रात जीजा-साले की कुएं में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात करीब 8 बजे खेत में स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं से दोनों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामला बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेरा का है। मृतकों की पहचान तेरा निवासी मुनीम अहिरवार (18) और नाराहट थाना क्षेत्र के गौना निवासी रविंद्र (22) के रूप में हुई है। रविंद्र रिश्ते में मुनीम का बहनोई था और खेती के काम में मदद करने के लिए गांव आया था। दोनों खेत में दवा छिड़कने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। तलाश के दौरान परिजनों को कुएं के बाहर उनके मोबाइल फोन और चप्पलें मिलीं, जबकि दोनों के शव पानी में मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मुनीम, जो तैरना नहीं जानता था, पानी भरते समय कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए रविंद्र भी कुएं में उतरा, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकलवाया। कचनौंदा पुलिस चौकी प्रभारी रोहित यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *