रामपुर में बारिश हुई, गर्मी से राहत मिली:आधे घंटे तक जमकर बरसे बादल, धान और गन्ने की फसलों को मिलेगा फायदा


रामपुर में शनिवार रात करीब 10 बजे आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इस वर्षा से कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। सिविल लाइंस क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित था। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। शाम और रात में लोग घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते दिखे। इस बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। धान की रोपाई कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा विशेष रूप से फायदेमंद मानी जा रही है। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से अब किसानों को डीजल इंजन या पंपसेट चलाकर सिंचाई करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे उनके समय और लागत दोनों की बचत होगी। गन्ना किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक सिद्ध हुई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार गर्मी और उमस के दौरान गन्ने की फसल में कीट एवं रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है, लेकिन अच्छी वर्षा से यह खतरा कम होता है और फसल को लाभ मिलता है।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि भले ही बारिश करीब आधे घंटे हुई, लेकिन इस दौरान अच्छी मात्रा में पानी बरसा है। उन्होंने कहा कि वर्षा का अंतिम आंकड़ा रविवार को प्राप्त होगा, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बारिश खरीफ फसलों, विशेषकर धान और गन्ने के लिए लाभदायक है। राणा ने यह भी बताया कि इससे किसानों का सिंचाई खर्च बचेगा और फसलों की बढ़वार को भी गति मिलेगी। दिल्ली-लखनऊ हाईवे 24 पर एक महिला राहगीर यशोदा ने बताया कि मौसम सुहाना हो गया है और गर्मी तथा उमस से पूरी तरह राहत मिली है। वहीं, राजेश नामक व्यक्ति ने भी गर्मी से राहत मिलने की बात कही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *