चैत्र नवरात्र शुरू, मेरठ के मंदिरों में उमड़ी भीड़:मां दुर्गा का पालकी पर आगमन, भव्य शृंगार


मेरठ में चैत्र नवरात्र 19 मार्च यानी आज से शुरू हो गए हैं, जो 27 मार्च तक चलेंगे। शहर के प्रसिद्ध मंदिरों, विशेषकर नौचंदी मैदान स्थित चंडी देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पर्व को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मंदिरों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस वर्ष घटस्थापना का शुभ मुहूर्त 19 मार्च को सुबह 6:52 से 7:53 बजे तक था। नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया नाइट जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है, जिनमें पारंपरिक संगीत और उत्साह देखने को मिलता है। शक्ति की देवी मां दुर्गा के नौ रूपों को समर्पित चैत्र नवरात्र पर्व आज से शुरू हो गया है। इस बार मां दुर्गा का आगमन पालकी की सवारी पर हो रहा है, जिसे शुभ माना गया है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना कर सुख, समृद्धि और संपन्नता की कामना करते हैं। पहले नवरात्र पर मां शैलपुत्री का गुणगान किया जा रहा है। यह देवी दुर्गा का प्रथम स्वरूप हैं। मां शैलपुत्री पर्वतराज हिमालय की पुत्री हैं। वह वृषभ (बैल) पर सवार हैं और उनके दाएं हाथ में त्रिशूल तथा बाएं हाथ में कमल सुशोभित है। मान्यता है कि माता जीवन में स्थिरता, दृढ़ता और मन की चंचलता को दूर करने की शक्ति प्रदान करती हैं। घरों और मंदिरों में मां भगवती की पूजा-अर्चना से पहले कलश या घट स्थापना की जाती है। देवी पुराण के अनुसार, स्थापित किया गया कलश सुख-समृद्धि, वैभव और मंगल कामनाओं का प्रतीक माना जाता है। कलश में गंगाजल, अक्षत, पुष्प, हल्दी और लौंग अर्पित किए जाते हैं। कई देवी भक्त इन नौ दिनों में व्रत भी रखते हैं। देवी मंदिरों में मां जगदंबे का विशेष शृंगार और आरती की जाएगी। बुधवार को बाजारों में श्रद्धालुओं ने मां की चुनरी, पोशाक, सोलह शृंगार की सामग्री, नारियल और अन्य पूजन सामग्री खरीदी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *