बांदा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव:पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा


बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में गुरुवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव महुआ के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान छापर गांव निवासी 40 वर्षीय शिवमोहन पुत्र भूरा वर्मा के रूप में हुई है। वह गांव से लगभग 500 मीटर दूर जरिया गांव के रास्ते पर स्थित जूनियर विद्यालय के पास एक महुआ के पेड़ पर साफी से फांसी लगाकर झूलता पाया गया। सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने शिवमोहन का शव पेड़ से लटका देखा। यह खबर पूरे गांव में फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंचे। मृतक शिवमोहन अपने पीछे पत्नी चुनकी देवी, चार पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गए हैं। वह गांव में ही रहकर मेहनत-मजदूरी का काम करते थे। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *