दरोगा भर्ती के विवादित प्रश्न को विधायक ने बताया निंदनीय:सोशल मीडिया पर लिखा- यह सामाजिक सौहार्द को आहत करने वाला


उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा में ब्राह्मण समाज को इंगित करने वाले विवादित प्रश्न पर गोरखपुर के विधायक फतेहबहादुर सिंह ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है कि इस तरह के प्रश्न अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय हैं। किसी भी समाज या वर्ग के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना न केवल सामाजिक सद्भाव को आहत करता है बल्कि हमारी लोकतांत्रित मर्यादाओं के भी विपरीत है। फतेह बहादुर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के पुत्र हैं। वह प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे हैं। सातवीं बार विधानसभा के सदस्य हैं। वर्तमान में वह कैंपियरगंज विधानसभा से विधायक हैं। दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए इस विवादित प्रश्न के लेकर कई नेताओं ने टिप्पणी की थी। लेकिन गोरखपुर से एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के अलावा किसी ने अपनी बात नहीं रखी थी। यहां दो ब्राह्मण विधायक भी हैं। फतेह बहादुर सिंह न कहा कि भारत विविधताओं का देश है। यहां हर जाति, वर्ग और समुदाय ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ब्राह्मण समाज ने भी शिक्षा, संस्कृति, ज्ञान और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है। इसलिए किसी भी प्रकार की टिप्पणी जो किसी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाए, वह स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती जैसे महत्वपूर्ण विषय को जातीय टिप्पणी और सामाजिक विभाजन बनाना उचित नहीं है। यह समय समाज को बांटने का नहीं बल्कि एकजुट होकर देश और प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य करने का है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वे अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखें तथा समाज में आपसी सम्मान और सद्भाव बनाए रखने का प्रयास करें। पोस्ट पर मिला समर्थन
गोरखपुर से पहली बार किसी विधायक की ओर से इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। इस पोस्ट के कमेंट में भी पूर्व मंत्री के इस टिप्पणी को खूब समर्थन मिला है। कई लोगों ने यह मामला सदन में उठाने की सलाह भी दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *