![]()
हरदोई जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र से दो सगी बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव के मूल निवासी और वर्तमान में शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने गुरुवार दोपहर 1:55 बजे देहात कोतवाली में FIR दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीते बुधवार को उनकी 18 वर्षीय छोटी बेटी सुबह करीब 8 बजे शहर स्थित एक कोचिंग सेंटर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो पिता ने कोचिंग सेंटर जाकर पता किया। वहां परिजनों को जानकारी मिली कि वह उस दिन कोचिंग नहीं पहुंची थी। इसके बाद इन्हें संदेह हुआ कि उनकी छोटी बेटी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई है। छोटी बेटी के लापता होने की खबर मिलने पर, गांव से उनकी 19 वर्षीय बड़ी बेटी अपनी दादी के साथ गांव आई थी। परिजनों द्वारा दोनों बेटियों को ढूंढने के प्रयास जारी थे। इसी दौरान, बड़ी बेटी भी देहात कोतवाली क्षेत्र के एक प्रसिद्ध मंदिर के पास से किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पिता ने अपनी दोनों बेटियों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने देहात कोतवाली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। देहात कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि दो अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। सर्विलांस टीम के सहयोग से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द दोनों युवतियों को खोज निकाला जाएगा। इसमें शामिल आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
गुमशुदा बहन को खोजने निकली बड़ी बहन भी हुई लापता:दोनों बेटियों के जाने से मायूस पीड़ित पिता ने हरदोई देहात कोतवाली में दर्ज कराई FIR