अमरोहा में प्रेमी ने शबाना की हत्या:गला दबाकर मारा, मोहर्रम के बाद शादी करने प्लान था


अमरोहा नगर के मोहल्ला रेता में किराए के मकान में रह रही 35 वर्षीय तलाकशुदा शबाना की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दो दिन पहले उसका शव कमरे में मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस ने महिला के प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शबाना अमरोहा नगर के मोहल्ला कुरेशी निवासी रईसुद्दीन की बेटी थी। उसकी शादी करीब दस साल पहले मोहल्ला नल निवासी असलम से हुई थी। उनके दो बच्चे थे। लगभग डेढ़ साल पहले आपसी सहमति से उनका तलाक हो गया था। तलाक के बाद आठ वर्षीय बेटी सुमायला शबाना के साथ रहती थी, जबकि दूसरा बच्चा पिता असलम के पास था। परिजनों के मुताबिक, करीब दो माह पहले शबाना मोहल्ला रेता स्थित अबरार के मकान में किराए पर रहने लगी थी। उसकी बेटी स्थानीय मदरसे में पढ़ रही थी और कभी-कभी मां से मिलने आती थी। इसी दौरान शबाना का संपर्क फैज नामक युवक से हुआ और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। शबाना फैज से निकाह करना चाहती थी। ऐसी भी चर्चा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी और मुहर्रम के बाद निकाह की तैयारी में थे। मंगलवार शाम करीब सात बजे शबाना का शव उसके कमरे में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कमरे और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने घटनास्थल का मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मृतका के भाई अमीरुद्दीन की तहरीर पर प्रेमी फैज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *