सुल्तानपुर में ट्रेलर-अर्टिगा की टक्कर:बांदा-टांडा हाइवे पर 11 लोग घायल, एक का पैर फ्रैक्चर, ट्रेलर चालक हुआ फरार


सुल्तानपुर में बांदा-टांडा हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक ट्रेलर और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में अर्टिगा में सवार चालक सहित 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति का पैर फ्रैक्चर हो गया। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। यह दुर्घटना जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के पुल के पास बीरमलपुर मोड़ से करीब 200 मीटर महरुआ की ओर हुई। पुलिस को दोपहर लगभग 3 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों में अंबेडकरनगर जिले के कोतवाली अकबरपुर निवासी महेंद्र कुमार (40) को हल्की चोटें आईं, जबकि अखिल (24) का पैर टूट गया। अन्य घायलों में अनीता (37), डाली (22), लाडली (19), मान्या सिंह (22), निखिल (21), आस्था चौधरी (9), अयांश (7), कार चालक इरफान (30) और राज (18) शामिल हैं, जिन्हें भी हल्की चोटें आई हैं। पीआरवी टीम ने सभी घायलों को बिरसिंहपुर और सीएचसी जयसिंहपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। हादसे के बाद ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त अर्टिगा और ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिससे कुछ देर के लिए बाधित यातायात बहाल हो सका। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *