![]()
औरैया में वस्त्र मंत्रालय, हस्तशिल्प विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति, औरैया ने विकासखंड औरैया के ग्राम बमुरीपुर और विकासखंड भाग्यनगर के ग्राम खानपुर में आर्टिजन आईडी कार्ड वितरण एवं जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम में हस्तशिल्प विभाग, आगरा के सहायक निदेशक रंजीत कुमार ने शिल्पकारों को संबोधित किया। उन्होंने टेराकोटा और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को अधिक रचनात्मक एवं बाजारोन्मुख बनाने पर जोर दिया। उन्होंने शिल्पकारों को वर्षभर रोजगार और आय सृजन के अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें स्टेट अवार्ड, नेशनल अवार्ड, पेंशन योजना और हस्तशिल्प मेलों एवं प्रदर्शनियों में सहभागिता शामिल है। उन्होंने बताया कि विभाग शिल्पकारों को देशभर में आयोजित मेलों में निशुल्क स्टॉल, यात्रा व्यय, दैनिक भत्ता और विपणन सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस दौरान पात्र शिल्पकारों को आर्टिजन आईडी कार्ड वितरित किए गए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रंजीत कुमार ने पाँच-पाँच पौधों का रोपण किया और उपस्थित लोगों को उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। इसके बाद, विकासखंड भाग्यनगर के ग्राम खानपुर में कालीन (कॉर्पेट) निर्माण कार्य से जुड़ी महिला शिल्पकारों को भी आईडी कार्ड दिए गए। उन्हें विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर हस्तशिल्प विभाग, आगरा से दिनेश कुमार, अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति की शिप्रा मिश्रा, कीर्ति, सुधा, विष्णु, सुशील और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। दोनों गांवों के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिल्पकारों और महिला कारीगरों ने भाग लिया।
Source link
बमुरीपुर-खानपुर में शिल्पकारों को मिले आर्टिजन आईडी कार्ड:अपेक्षा समिति ने वितरण और जागरूकता चौपाल का आयोजन किया