बिना अनुमति की गई कर्मचारियों की संबद्धताएं खत्म:मूल तैनाती स्थल पर लौटने के निर्देश, विश्वविद्यालय प्रशासन का आदेश


आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न विभागों, केंद्रों और इकाइयों में बिना प्रशासनिक स्वीकृति के की गई कर्मचारियों, शिक्षकों और वैज्ञानिकों की संबद्धताओं (अटैचमेंट) को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम विश्वविद्यालय में प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और नियमों के अनुरूप कार्य संचालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अनुभाग की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप में कहा गया है कि कुछ विभागों, केंद्रों और इकाइयों में अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष एवं नियंत्रक अधिकारी अपने स्तर पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और औपचारिक आदेश के कर्मचारियों, शिक्षकों तथा वैज्ञानिकों से अन्य विभागों में कार्य ले रहे थे। जांच में यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। तत्काल प्रभाव से समाप्त मानी जाएंगी संबद्धताएं आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत अनुमोदित प्रशासनिक आदेश के बिना की गई सभी संबद्धताएं कार्यालय ज्ञाप जारी होने की तिथि से स्वतः समाप्त मानी जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी शिक्षक, वैज्ञानिक एवं कर्मचारी अपने मूल पद और कार्यस्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। भविष्य में स्वीकृति के बाद ही होगी संबद्धता विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी कर्मचारी, शिक्षक या वैज्ञानिक की संबद्धता आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारी पूर्ण औचित्य के साथ प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन के लिए भेजेंगे। प्रशासनिक स्वीकृति और औपचारिक आदेश जारी होने के बाद ही ऐसी संबद्धता प्रभावी मानी जाएगी। पहले से स्वीकृत संबद्धताएं रहेंगी प्रभावी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूर्व में अनुमोदित संबद्धताएं इस निर्णय से प्रभावित नहीं होंगी। निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण डॉ. सुशांत श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *