मेरठ में 6 साल के बच्चे की अपहरण:घर के बाहर खेलते समय वैगनआर सवार बदमाश उठा ले गए, तलाश में जुटी पुलिस


मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज गांव में मंगलवार को 6 साल के बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बदमाश सफेद वैगनआर कार में आए और बच्चे को जबरन कार में डालकर ले गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और बच्चे की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। अपहृत बच्चे की पहचान रामराज निवासी अंगदवीर के रूप में हुई है। उसके पिता गुरसेवक सज्जी विदेश में नौकरी करते हैं, जबकि मां गुरप्रीत कौर कुछ दिन पहले ही मायके से लौटी थीं। घटना के समय बच्चा अपनी दादी बलविंदर कौर के साथ घर पर था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को अंगदवीर साइकिल चलाकर घर पहुंचा और बाहर खेलने लगा। इसी दौरान एक सफेद रंग की वैगनआर कार वहां आकर रुकी। कार सवार बदमाशों ने बच्चे को अपने पास बुलाया और कुछ ही पलों में उसे कार में डालकर फरार हो गए। यह वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। काफी देर तक जब अंगदवीर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शाम को दादी बलविंदर कौर ने बहसूमा थाने पहुंचकर अपहरण की तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक सफेद वैगनआर कार बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी है। पुलिस इस वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में पुलिस पारिवारिक विवाद, प्रेम-प्रसंग सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बच्चे की मां और उसके मायके पक्ष से जुड़े कुछ लोगों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद भी चल रहा है। हालांकि, बहसूमा थाना पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *