![]()
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ कथित तौर पर पांच युवकों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। दोनों लड़कियां करमा पूजा के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी और पास के जंगल में ले गए। शिकायत के अनुसार, जंगल में पांचों युवकों ने कथित तौर पर बारी-बारी से दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उन्हें वापस गांव छोड़ गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़कियों के परिचित थे। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कर्नाटक के बेलगावी में फ्रिज ब्लास्ट हादसे में दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 6 हुई कर्नाटक के बेलगावी में घर में फ्रिज फटने के बाद लगी आग में झुलसे पिता-पुत्र की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मंगलवारको फ्रिज में विस्फोट के बाद घर में आग लग गई थी। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई और परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। गंभीर रूप से झुलसे पिता और पुत्र का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद दोनों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सीबीआई ने ₹15 लाख रिश्वत मामले में दिल्ली नगर निगम के एक अधिकारी समेत 3 को अरेस्ट किया केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ₹15 लाख रिश्वत मामले में दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीबीआई के अनुसार, एजेंसी ने एक MCD इंस्पेक्टर और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद कार्रवाई की। आरोप है कि संबंधित लोग टेंडर की अवधि खत्म होने के बाद बिलबोर्ड, होर्डिंग और LED डिस्प्ले लगाने या प्रदर्शित करने की अनुमति देने के बदले रिश्वत वसूल रहे थे। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों पर स्वीकृत संख्या से अधिक बिलबोर्ड लगाने या प्रदर्शित करने की अनुमति देने के बदले भारी रकम की अवैध रिश्वत लेने का आरोप है। मेघालय के शिलॉन्ग में डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला मेघालय के शिलॉन्ग में बुधवार डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज (DMR) ऑफिस पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंके और फरार हो गए। हमला दोपहर करीब 3:32 बजे हुआ। उस समय कर्मचारी ऑफिस के अंदर मौजूद थे। एक पेट्रोल बम DMR अधिकारी की कार पर गिरा और कार में आग लग गई। इस मामले में लैतुमखरा पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस हमलावरों और हमले की वजह का पता लगा रही है। मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने निजी वाहन के नुकसान पर कर्मचारी को सरकारी मदद और मुआवजे का भरोसा दिया।
Source link
भास्कर अपडेट्स:ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो आदिवासी लड़कियों से गैंगरेप, 5 युवक हिरासत में