कानपुर देहात में मंत्री की रात्रि चौपाल से अधिकारी नदारद:राकेश सचान ने डीएम को लगाई फटकार, बोले- पहल को औपचारिकता बना दिया


कानपुर देहात में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की रात्रि चौपाल में कई विभागों के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। सोमवार रात भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के कठेटी गांव में आयोजित इस चौपाल में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर मंत्री ने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी कपिल सिंह को फोन पर फटकार लगाई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भोगनीपुर विधायक राकेश सचान अपनी विधानसभा क्षेत्र के कठेटी गांव पहुंचे थे। चौपाल की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर आए थे। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने राजस्व विभाग से जुड़ी कई शिकायतें रखीं। हालांकि, शिकायतों के निस्तारण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों में केवल कानूनगो ही मौजूद थे। एसडीएम, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। अधिकारियों की गैरमौजूदगी से नाराज मंत्री राकेश सचान ने मौके से ही जिलाधिकारी कपिल सिंह को फोन किया। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के बावजूद अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं और चौपाल को महज औपचारिकता बना दिया गया है। मंत्री ने सवाल उठाया कि जब राजस्व विभाग का कोई सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं है, तो ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान कैसे होगा। मंत्री ने यह भी बताया कि ग्रामीण भ्रष्टाचार और पैसे लेकर काम न करने जैसी शिकायतें कर रहे थे, लेकिन उन्हें दर्ज करने या समाधान करने वाला कोई अधिकारी मौके पर नहीं था। फोन पर जिलाधिकारी ने मामले में जवाब तलब करने और निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। मंत्री सचान ने जिलाधिकारी से अधिकारियों की अनुपस्थिति का तत्काल कारण पता लगाने और की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। उन्होंने भविष्य में होने वाली चौपालों में सभी संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *