![]()
सहारनपुर में कोतवाली देहात पुलिस ने गोकशी के एक मुकदमे में फरार आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार काउंटर फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा एक बाइक बरामद की गई है। एएसपी मनोज यादव ने बताया कि गुरुवार देर रात थाना देहात कोतवाली के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार और अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ मुबारकपुर रेलवे अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रेलवे अंडरपास की ओर बाइक दौड़ाकर भागने लगा। पुलिस का कहना है कि कच्चे रास्ते और ईख के खेत के पास बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद युवक ईख के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलीशान उर्फ चुत्तड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अलीशान गोकशी के मुकदमे में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कोतवाली देहात थाने में गोकशी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद तमंचा, कारतूस और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Source link
सहारनपुर में मुठभेड़ में गोकश दबोचा:पुलिस को देखते ही चला दी गोली, काउंटर फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली