GDA की टीम को बेसमेंट में रेस्टोरेंट मिला:भवनों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए शुरू हुआ अभियान


गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की टीम ने भवनों में सुरक्षा के मानकों की जांच के लिए अभियान शुरू किया है। दिल्ली के होटल में हुए अग्निकांड के बाद प्राधिकरण ने यह कार्यवाही शुरू की है। पहले दिन तारामंडल क्षेत्र में जांच की गई। यहां कई भवनों में सुरक्षा की दृष्टि से कमियां मिली हैं। कई भवनों के बेसमेंट में तो रेस्टोरेंट संचालित पाए गए। उनसे मानचित्र मांगा गया है। जीडीए की टीम ने क्षेत्र के 50 से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सत्यापन किया। प्रारंभिक जांच में कई भवनों के बेसमेंट का उपयोग स्वीकृत उद्देश्य के विपरीत होता दिखाई दिया। कई जगहों पर दुकानें और बड़े मार्ट चल रहे थे। जिन स्थानों को पार्किंग के लिए विकसित किया जाना था, वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं।
सत्यापन के दौरान पार्किंग व्यवस्था की वास्तविक स्थिति भी सामने आई। कुछ भवनों में पार्किंग स्थल जलभराव की समस्या से प्रभावित मिले, जबकि कुछ जगहों पर पार्किंग क्षेत्र को अन्य उपयोगों में परिवर्तित कर दिया गया था। इससे न केवल वाहन पार्किंग प्रभावित हो रही है, बल्कि आपात स्थिति में निकासी और राहत कार्यों की संभावनाएं भी सीमित हो सकती हैं। बेसमेंट और पार्किंग से जुड़ी ऐसी अनियमितताएं आग, जलभराव अथवा अन्य आपदाओं की स्थिति में जोखिम को कई गुना बढ़ा सकती हैं। यही कारण है कि प्राधिकरण अपने अभियान में भवनों के स्वीकृत मानचित्र, बेसमेंट उपयोग, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की विशेष रूप से जांच शुरू कर दी है।
प्राधिकरण ने सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को सात दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों का सत्यापन पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी कर स्वीकृत मानचित्र और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा जाएगा। यदि बेसमेंट का निर्माण अथवा उपयोग स्वीकृत मानकों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मानसून सत्र को देखते हुए जीडीए ने विशेष सतर्कता बरतने की भी सलाह दी है। नए बेसमेंट की खुदाई से बचने, आवश्यक परिस्थितियों में पर्याप्त बैरिकेडिंग और जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलभराव या संरचनात्मक कमजोरी जैसी स्थितियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण का कहना है कि पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट का उपयोग किसी भी प्रकार की अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधि के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा। आगामी निरीक्षण अभियान में ऐसे मामलों की विशेष निगरानी की जाएगी, ताकि भवन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। फिलहाल तारामंडल क्षेत्र में हुए सत्यापन ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि शहर के कई हिस्सों में बेसमेंट और पार्किंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की आवश्यकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *