शेरनियों आशी-जया का मनाया गया दूसरा जन्मदिन:बीमार शेर विश्वा भी हुआ स्वस्थ, टीम ने केक काटकर खुशी जताई


इटावा सफारी पार्क में रविवार को खास उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब शेरनी नीरजा और कान्हा की संतानों आशी और जया का दूसरा जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। दोनों अर्ध वयस्क शेरनियों के जन्मदिन पर सफारी पार्क प्रशासन और कर्मचारियों ने खुशी जताई। सफारी पार्क प्रशासन के अनुसार वर्ष 2024 में 31 मई और 1 जून को शेरनी नीरजा ने तीन शावकों को जन्म दिया था। जन्म के बाद नीरजा ने अपने शावकों की देखभाल नहीं की, जिसके चलते सफारी पार्क के कीपर अजय और आसिफ ने उनकी हैंड रियरिंग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि जन्म के 14वें दिन एक शावक की असामयिक मृत्यु हो गई थी, लेकिन बाकी दोनों शावक आशी और जया को सफलतापूर्वक पाला गया। आज सोमवार शाम दोनों शेरनियां अर्ध वयस्क हो चुकी हैं और अपने एक भाई तथा दो बहनों के साथ ब्रीडिंग सेंटर में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन बिता रही हैं। पार्क में वे लगातार उछल-कूद और खेलकूद करती नजर आती हैं। इस अवसर पर सफारी पार्क से एक और अच्छी खबर सामने आई। 10 अगस्त 2022 को जन्मा बब्बर शेर विश्वा पिछले लगभग एक महीने से अस्वस्थ चल रहा था। सफारी पार्क के पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों की लगातार निगरानी एवं उपचार के बाद अब विश्वा पूरी तरह स्वस्थ हो गया है। उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि विश्वा अब अपना पूरा आहार ले रहा है, पर्याप्त मात्रा में पानी पी रहा है और पहले की तरह पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उसके स्वास्थ्य में सुधार से सफारी पार्क प्रशासन और वन्यजीव प्रेमियों ने राहत की सांस ली है। आशी और जया के जन्मदिन के उत्सव तथा विश्वा के स्वस्थ होने की खबर ने इटावा सफारी पार्क में खुशियों का माहौल बना दिया है। वन्यजीव संरक्षण और देखभाल के क्षेत्र में सफारी पार्क की यह सफलता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *