![]()
बलिया के बहुचर्चित काम जी गोंड मौत मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश के बाद आरोपी ग्राम प्रधान का पक्ष सामने आया है। ग्राम प्रधान आशुतोष शंकर सिंह के बड़े भाई अविनाश शंकर सिंह विक्की ने अपने भाई को निर्दोष बताया है। गुरुवार शाम मीडिया से बात करते हुए अविनाश शंकर सिंह विक्की ने कहा कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण उनके भाई को राजनीतिक विद्वेष के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने इसे एक षड्यंत्र बताया और कहा कि गांव की राजनीति के कारण उनका नाम इसमें घसीटा गया है। विक्की ने दावा किया कि जिस दिन काम जी गोंड को उठाया गया था, उस दिन प्रधान आशुतोष शंकर सिंह गांव में मौजूद नहीं थे। उन्होंने 8 जुलाई से 11 जुलाई तक का सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए कहा कि उनके पास सभी साक्ष्य मौजूद हैं, जिनमें उनका भाई गांव के बाहर दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि 8 जुलाई को प्रधान की किसी भी थाने के पदाधिकारी से कोई बात नहीं हुई थी। अविनाश ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि उनके भाई के दोनों मोबाइल नंबरों का सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकालकर जांच की जाए। उन्होंने मांग की कि यदि दोषी पाए जाएं तो कार्रवाई हो, अन्यथा निर्दोष होने पर उन्हें इस मामले में न घसीटा जाए। अविनाश शंकर सिंह विक्की ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Source link
हत्यारोपी प्रधान के भाई बोले- मेरा भाई निर्दोष है:घटना वाले दिन वह सीसीटीवी फुटेज में गांव से बाहर दिखा, फंसाया जा रहा