![]()
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड मामले में कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने विहित न्यायालय में तैनात पेशकार विमलेश कुमार गौतम को निलंबित कर दिया है। उन पर जोन-5 में तैनाती के दौरान संबंधित प्रकरण की फाइल में गलत तथ्य प्रस्तुत करने का आरोप है, जिसके कारण अवैध भवन के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। एलडीए के अनुसार वर्तमान में विमलेश कुमार गौतम जोन-7 के विहित न्यायालय में तैनात हैं। प्रारंभिक जांच में अभिलेखीय प्रक्रिया और दायित्वों के निर्वहन में अनियमितता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, अग्निकांड से जुड़े प्रकरण की न्यायालयीय फाइल और दस्तावेजों की समीक्षा के दौरान कुछ गंभीर विसंगतियां सामने आई थीं। इसके बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया पेशकार की भूमिका संदिग्ध मिलने पर निलंबन का फैसला लिया गया। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि अग्निकांड से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अलीगंज अग्निकांड: एलडीए कोर्ट का पेशकार निलंबित:पहले ही तीन कर्मचारी निलंबित, 18 अधिकारियों के नाम शासन को भेजे जा चुके हैं