लखनऊ में प्रेमी ने की थी स्वास्थ्य कर्मी की हत्या:पांच महीने पहले हुई थी हत्यारे की शादी; साथ रहने का बना रही दबाव


लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में महिला की हत्या उसके प्रेमी ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी महिला का प्रेमी था। दोनों के बीच संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विनयखंड निवासी रामदास ने गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू निशा देवी की हत्या दीपांशु सिंह ने कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीमों का गठन किया। साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी दीपांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी निशा देवी से 2024 से दोस्ती थी। दोनों गोमतीनगर स्थित नोवा हॉस्पिटल में साथ काम करते थे। निशा पहले से शादीशुदा थी, जबकि दीपांशु की शादी जनवरी 2026 में हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा। आरोपी के मुताबिक, निशा उस पर पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। 19 मई को गोमतीनगर के ग्वारी गांव स्थित किराए के मकान में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर निशा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मकान बंद कर मड़ियांव स्थित अपने घर चला गया। पुलिस ने आरोपी दीपांशु सिंह को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी मूल रूप से हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के जनीगांव का रहने वाला है और फिलहाल मड़ियांव इलाके में रह रहा था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *