कांग्रेस 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालेगी:होली गेट से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन, मथुरा में राष्ट्रपति के नाम सौंपेंगे ज्ञापन


मथुरा में कांग्रेस की ओर से लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 8 अक्टूबर को मथुरा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस संबंध में कांग्रेस महानगर के द्वारा मंगलवार शाम 6 बजे प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा-वृंदावन के तत्वावधान में होने वाला यह मार्च सुबह 10 बजे होली गेट स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने बताया कि मार्च में मताधिकार, लोकतंत्र और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वोट जनता का अधिकार है और लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से मताधिकार एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की आवाज उठाएंगे। उन्होंने आमजन से भी मार्च में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कांग्रेस के अनुसार मार्च में पार्टी के पदाधिकारी, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। पूर्व सीएलपी लीडर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र में उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और कांग्रेस लंबे समय से संविधान व नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे होली गेट कार्यालय पहुंचने की अपील की है। कार्यक्रम में मुकीम कुरैशी, राहुल चतुर्वेदी, आशीष अरोड़ा, अशोक शर्मा, प्रकाश शर्मा, आनंद शर्मा, संदेश पाठक, राजू फारूखी और अनमोल चतुर्वेदी सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *