![]()
मिर्जापुर में जनगणना-2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’ का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। इस चरण की शुरुआत मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर से की गई, जहां मंदिर भवन का सूचीकरण और गणना कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में जनपद के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों में मकान गणना का कार्य शुरू किया गया। जनगणना-2027 का यह पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इसके लिए जनपद को चार ग्रामीण चार्ज (तहसील सदर, चुनार, लालगंज, मड़िहान) और चार नगरीय चार्ज (नगर पालिका परिषद मीरजापुर, चुनार, अहरौरा, नगर पंचायत कछवां) में बांटा गया है। गणना कार्य को सुचारु बनाने के लिए पूरे जनपद को 5129 मकान सूचीकरण ब्लॉकों (एचएलबी) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 180 मकान शामिल हैं। इस कार्य के लिए 4599 प्रगणकों और 766 सुपरवाइजरों को तैनात किया गया है। पहले दिन जनपद में कुल 3166 मकानों की गणना की गई। प्रशासन ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। भारत सरकार ने इसके लिए स्वगणना पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा प्रदान की है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी एसई आईडी सुरक्षित रखें और प्रगणक के आने पर उसे साझा करें। प्रशासन ने लोगों से जनगणना कार्य में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि जनगणना-2027 को सटीक, पारदर्शी और आधुनिक बनाया जा सके।
Source link
मिर्जापुर में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू:मां विंध्यवासिनी मंदिर से शुभारंभ, 20 जून तक चलेगा मकान गणना कार्य