![]()
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेजपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया और मौके से फरार हो गई। मृतक की पहचान तेजपुर निवासी अजय सैनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय अपने बड़े भाई की 5 मई को होने वाली शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घाटमपुर-गजनेर मार्ग पर पंचायत भवन के पास हादसा हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। करीब पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों ने पहले समझाने पर जाम नहीं खोला। बाद में एसीपी कृष्णकांत यादव और इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद सपा नेता मीना संख्वार और अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से परिवार को हर संभव मदद दिलाने की बात कही। इस हादसे से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
Source link
कानपुर में कार ने युवक को कुचला:बड़े भाई की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहा था, ग्रामीणों ने लगाया जाम