![]()
लखनऊ में हरियाणा के रोहतक निवासी एक जालसाज ने चौक के सर्राफा कारोबारी और उसकी पत्नी से डेढ़ साल में नजदीकियां बढ़ाकर पहले भरोसा जीता। वह कारोबारी को बहनोई, उसकी पत्नी को बहन और बच्चों को भांजा कहकर घर आने-जाने लगा। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने सर्राफ को सोने की चार नकली ईंटें थमा दीं। बदले में 20 लाख रुपए नकद और करीब 33.50 लाख रुपए के गहने लेकर दो साथियों के साथ फरार हो गया। जांच में ईंटों पर सोने की परत चढ़ी मिली। पीड़ित ने शुक्रवार शाम चौक थाने में आरोपी और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ज्वेलरी शॉप पर हुई थी आरोपी से मुलाकात पीर बुखारा निवासी संजीव कुमार रस्तोगी ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ साल पहले रोहतक, हरियाणा निवासी अजय कुमार चौधरी उनकी आलमबाग स्थित स्वर्ण सिद्धी ज्वैलर्स शॉप पर आया था। वहां उसकी मुलाकात संजीव की पत्नी से हुई। इसके बाद अजय लगातार उनके संपर्क में रहने लगा। कुछ ही समय में उसने संजीव को बहनोई और उनकी पत्नी को बहन कहना शुरू कर दिया। वह बच्चों के लिए मिठाई लेकर घर भी आने लगा। इस तरह परिवार का विश्वास जीत लिया। मृत रिश्तेदार की सोने की ईंट बताकर झांसे में लिया आरोपी ने संजीव को बताया कि उसके एक रिश्तेदार सैन्यकर्मी की मौत हो चुकी है। ड्यूटी के दौरान उसे सोने की चार ईंटें मिली थीं, जो अब मृतक की पत्नी के पास हैं। आरोपी ने दावा किया कि इन ईंटों की जानकारी खनन विभाग को हो गई तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। मृतक की पत्नी इन्हें बेचना चाहती है। संजीव की पत्नी ने शुरुआत में ईंटें खरीदने से मना कर दिया, लेकिन आरोपी ने डेढ़ साल पुराने संबंधों और विश्वास का हवाला देकर उन्हें भरोसे में ले लिया। 20 लाख नकद और 33.50 लाख के गहने लेकर भागा 7 सितंबर को आलमबाग स्थित ज्वैलरी शॉप पर सौदा तय हुआ। इसके बाद दोपहर में आरोपी संजीव के घर पहुंचा और सोने की चार ईंटें दीं। इसके बदले संजीव ने उसे 20 लाख रुपए नकद और करीब 33.50 लाख रुपए कीमत के गहने दे दिए। आरोपी के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। बेटे से जांच कराने की बात पर टाल गया सौदा होने के बाद आरोपी संजीव को चाय पिलाने के बहाने रूमीगेट ले गया। इसी दौरान संजीव ने अपने बेटे से ईंटों की जांच करने को कहा। आरोपी ने पारिवारिक संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि वह दो दिन बाद आएगा। इसके बाद वह दोनों साथियों के साथ वहां से निकल गया। जांच कराने पर पता चला कि ईंटों पर सिर्फ सोने की परत चढ़ी थी, जबकि अंदर साधारण धातु थी। संजीव ने आरोपी को फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। नामजद आरोपी समेत तीन पर केस पीड़ित की तहरीर पर चौक पुलिस ने अजय कुमार चौधरी को नामजद करते हुए उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही ठगी में इस्तेमाल किए गए तरीके और रकम-गहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
Source link
नकली सोने की ईंटें देकर सर्राफ से 20 लाख ऐंठे:33.50 लाख की ज्वेलरी लेकर दो साथियों के साथ फरार, बहनोई बनकर जीता भरोसा